अमेरिका ने अगले तीन वर्षों में भारत के साथ द्विपक्षीय व्यापार को 500 अरब डॉलर से अधिक पहुंचाने का लक्ष्य रखा है. भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने मुंबई में आयोजित ‘Freedom 250’ कार्यक्रम में यह बात कही.
गोर के अनुसार, दोनों देशों के बीच व्यापार रिकॉर्ड 240 अरब डॉलर से अधिक हो चुका है और अब इसे दोगुने से ज्यादा स्तर तक ले जाने पर ध्यान दिया जा रहा है. उन्होंने कहा कि भारत-अमेरिका आर्थिक साझेदारी का अगला चरण सेमीकंडक्टर, महत्वपूर्ण खनिज, ऊर्जा, रक्षा और ‘सुपरइंटेलिजेंस’ जैसे भविष्य-केंद्रित क्षेत्रों पर आधारित होगा.
उन्होंने मुंबई को इस साझेदारी का प्रमुख आर्थिक केंद्र बताते हुए कहा कि शहर में 500 से अधिक बड़ी अमेरिकी कंपनियां काम कर रही हैं. इनमें तकनीक, दवा, उपभोक्ता वस्तु और वित्तीय क्षेत्र की कंपनियां शामिल हैं.
भारत और अमेरिका के बीच प्रस्तावित अंतरिम व्यापार समझौते पर भी काम चल रहा है. वाणिज्य मंत्रालय के अनुसार, वित्त वर्ष 2025-26 में भारत का अमेरिका को माल निर्यात 87.31 अरब डॉलर और आयात 53.45 अरब डॉलर रहा. हालांकि, 500 अरब डॉलर के लक्ष्य तक पहुंचने के लिए औपचारिक समझौते की अंतिम शर्तें और कार्यान्वयन की समयसीमा अभी स्पष्ट नहीं है.
