भारतीय अर्थव्यवस्था आने वाले महीनों में मजबूत घरेलू मांग के सहारे स्थिर बनी रह सकती है. उपभोक्ता खर्च में निरंतरता, निजी क्षेत्र के बढ़ते निवेश और विनिर्माण क्षेत्र को मिल रहे सरकारी समर्थन को इसके प्रमुख आधार के रूप में देखा जा रहा है.

हालांकि, अल्पावधि में कीमतों पर दबाव बढ़ने की आशंका है. पिछले साल की तुलना के आधार यानी बेस इफेक्ट के साथ मौसम की अनिश्चितता खाद्य महंगाई को प्रभावित कर सकती है. मजबूत El Nino की स्थिति बनने पर इसका असर खाद्य कीमतों पर पड़ने का जोखिम रहेगा.

कच्चे तेल की कीमतों में हालिया नरमी और रुपये की मजबूती, यदि कायम रहती है, तो आयातित महंगाई को सीमित करने में मदद मिल सकती है. रिपोर्ट के अनुसार, कच्चे तेल की कीमत 100 डॉलर प्रति बैरल से नीचे रही है.

बाहरी क्षेत्र को मजबूत वस्तु निर्यात, सेवाओं के व्यापार अधिशेष और पर्याप्त विदेशी मुद्रा भंडार से सहारा मिलने की उम्मीद है. इसके बावजूद भू-राजनीतिक तनाव और अंतरराष्ट्रीय व्यापार नीतियों में अनिश्चितता अर्थव्यवस्था के लिए जोखिम बनी हुई है. घरेलू आर्थिक आधार और वित्तीय बफर अचानक आने वाली चुनौतियों से निपटने में मदद कर सकते हैं.