इंडसइंड जनरल इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड ने शरद माथुर को अपना प्रबंध निदेशक (MD) और मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) नियुक्त किया है. कंपनी के मुताबिक, यह नियुक्ति आवश्यक वैधानिक मंजूरियां मिलने के बाद की गई है.
इंडसइंड जनरल इंश्योरेंस, जिसे पहले रिलायंस जनरल इंश्योरेंस के नाम से जाना जाता था, इंडसइंड इंटरनेशनल होल्डिंग्स लिमिटेड (IIHL) समूह का हिस्सा है.
माथुर के पास बीमा और वित्तीय सेवा क्षेत्र में करीब तीन दशक का अनुभव है. कंपनी ने कहा कि उनके अनुभव में संगठनात्मक बदलाव, वितरण नेटवर्क का विस्तार, तकनीक आधारित नवाचार, कारोबार वृद्धि और कॉरपोरेट गवर्नेंस शामिल हैं.
इंडसइंड जनरल इंश्योरेंस में शामिल होने से पहले माथुर छह साल से अधिक समय तक यूनिवर्सल सोमपो जनरल इंश्योरेंस के MD और CEO रहे. वहां उन्होंने कंपनी के बदलाव की अगुवाई की और वितरण, जोखिम प्रबंधन तथा तकनीक आधारित ग्राहक सेवा क्षमताओं को मजबूत करने पर काम किया.
इससे पहले वह SBI General Insurance और ICICI Lombard में भी नेतृत्वकारी भूमिकाओं में रह चुके हैं. कंपनी के अनुसार, नई भूमिका में माथुर ग्राहक-केंद्रित सेवाओं, डिजिटल नवाचार, बीमा की पहुंच बढ़ाने, लाभदायक वृद्धि और मजबूत गवर्नेंस पर ध्यान देंगे.
