इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (IOC) वडोदरा रिफाइनरी में बेंजीन, टोल्यून और जाइलिन (BTX) परियोजना लगाने की योजना बना रही है. कंपनी इस परियोजना पर करीब ₹800 करोड़ का निवेश करेगी. प्रस्तावित इकाई को मंजूरी मिलने के तीन साल के भीतर चालू करने का लक्ष्य रखा गया है.

IOC के चेयरमैन अरविंदर सिंह साहनी ने शुक्रवार को रिफाइनरी के डायमंड जुबली समारोह के दौरान इस निवेश योजना की जानकारी दी. परियोजना के लिए रिफाइनरी परिसर के भीतर उपलब्ध जमीन का इस्तेमाल किया जाएगा. इससे नई जमीन के अधिग्रहण की जरूरत नहीं पड़ेगी.

कंपनी के अनुसार, पिछले एक दशक में गुजरात रिफाइनरी में पूंजीगत और परिचालन खर्च के रूप में करीब ₹48,000 करोड़ का निवेश किया जा चुका है.

प्रस्तावित BTX परियोजना के साथ रिफाइनरी में ₹17,825 करोड़ की ल्यूब इंटीग्रेशन और पेट्रोकेमिकल विस्तार परियोजना भी चल रही है. इसके तहत Vacuum Distillation Unit-2 (VDU-2) और Catalytic Dewaxing Unit को पहले ही चालू किया जा चुका है.

इन इकाइयों से Group II और Group III लुब्रिकेंट बेस स्टॉक का उत्पादन संभव होगा. कंपनी का कहना है कि इससे इन उत्पादों के आयात पर निर्भरता घटाने और IOC के स्पेशियलिटी लुब्रिकेंट कारोबार को मजबूत करने में मदद मिलेगी.