भारतीय बीमा विनियामक और विकास प्राधिकरण (IRDAI) ने निजी कारों और दोपहिया वाहनों के लिए मोटर बीमा का चार-स्तरीय ढांचा लागू करने का निर्देश दिया है. यह व्यवस्था 15 दिसंबर 2026 से जारी होने वाली पॉलिसियों पर लागू होगी.
चार हिस्सों में क्या शामिल होगा
पहला सेक्शन थर्ड-पार्टी देनदारी का होगा, जो अनिवार्य रहेगा. दूसरा सेक्शन कार में सवार लोगों या बाइक पर पीछे बैठने वाले व्यक्ति समेत अन्य संबंधित व्यक्तियों के लिए कानूनी देनदारी कवर का है. यह विकल्प के तौर पर उपलब्ध रहेगा.
तीसरे सेक्शन में व्यक्तिगत दुर्घटना कवर शामिल होगा. इसमें वाहन मालिक-चालक का अनिवार्य कवर रहेगा, जबकि यात्रियों या पिलियन राइडर के लिए अतिरिक्त कवर लिया जा सकेगा. चौथा सेक्शन अपने वाहन को हुए नुकसान यानी ‘ओन डैमेज’ से जुड़ा होगा और यह भी वैकल्पिक रहेगा.
पॉलिसी खरीदते समय ग्राहक को ऑनलाइन या ऑफलाइन विकल्प फॉर्म भरना होगा. पॉलिसी शेड्यूल में हर सेक्शन का कवर और उसका प्रीमियम अलग-अलग दिखाना होगा. मौजूदा पॉलिसीधारक अतिरिक्त प्रीमियम देकर कुछ वैकल्पिक कवर जुड़वा सकेंगे. IRDAI ने बीमा कंपनियों को यह ढांचा Bima Sugam से जोड़ने का निर्देश भी दिया है.
