जम्मू-कश्मीर सरकार ने कुछ सरकारी कर्मचारियों को New Pension Scheme (NPS) से Old Pension Scheme (OPS) में जाने का एकमुश्त विकल्प दिया है. यह सुविधा उन कर्मचारियों के लिए है, जिनके पद या रिक्तियां 24 दिसंबर 2009 से पहले भर्ती के लिए विज्ञापित या अधिसूचित की गई थीं, लेकिन नियुक्ति या सेवा में शामिल होने के बाद उन्हें NPS के अंतर्गत रखा गया.
सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग की वेबसाइट पर 28 सितंबर 2026 को जारी आदेश में इस श्रेणी के कर्मचारियों को Defined Pension Scheme यानी पुरानी पेंशन व्यवस्था के तहत कवर करने का प्रावधान बताया गया है. जम्मू-कश्मीर में NPS लागू करने वाला SRO-400 भी 24 दिसंबर 2009 को जारी हुआ था और नई व्यवस्था 1 जनवरी 2010 से प्रभावी हुई थी.
पात्र कर्मचारियों को अपना विकल्प निर्धारित प्रक्रिया के तहत संबंधित विभाग के माध्यम से देना होगा. इसके लिए आदेश जारी होने की तारीख से तीन महीने की समयसीमा तय की गई है. विकल्प एक बार देने के बाद अंतिम माना जाएगा. जो कर्मचारी तय अवधि में विकल्प नहीं देंगे, वे NPS के तहत ही बने रहेंगे.
यह निर्णय उन कर्मचारियों को राहत दे सकता है जिनकी भर्ती प्रक्रिया पुरानी पेंशन व्यवस्था लागू रहने के दौरान शुरू हुई थी, लेकिन नियुक्ति संबंधी प्रक्रियाओं में देरी के कारण वे NPS में चले गए.
