छत्तीसगढ़ के कबीरधाम में बंद पड़ी LIC पॉलिसी की रकम वापस दिलाने का झांसा देकर एक व्यक्ति से 69 लाख 37 हजार 518 रुपये की कथित ठगी का मामला सामने आया है. पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने खुद को राष्ट्रीय उपभोक्ता आयोग (NCDRC) और रिजर्व बैंक (RBI) का अधिकारी बताकर पीड़ित से संपर्क किया था.

पीड़ित ने 7 अक्टूबर 2026 को साइबर पुलिस थाना कबीरधाम में शिकायत दर्ज कराई. शिकायत के मुताबिक, आरोपियों ने बंद LIC पॉलिसी की रकम लौटाने, अलग-अलग संस्थाओं से NOC लेने और कोर्ट की प्रक्रिया पूरी कराने के नाम पर पैसे जमा कराए. नवंबर 2025 से अक्टूबर 2026 के बीच पीड़ित से अलग-अलग किस्तों में कुल 69,37,518 रुपये लिए गए.

बैंक खातों और तकनीकी जांच से आरोपी तक पहुंची पुलिस

मामले की जांच के लिए विशेष टीम बनाई गई. पुलिस ने बैंक खातों में हुए लेन-देन और तकनीकी जांच के आधार पर मोहम्मद जैद खान (37) की पहचान की. उसकी लोकेशन दिल्ली-एनसीआर में मिलने के बाद टीम दिल्ली पहुंची. स्थानीय पुलिस की मदद से जामिया नगर के घनी आबादी वाले इलाके में पांच दिन तलाश के बाद उसे गिरफ्तार किया गया.

पुलिस के मुताबिक, जैद खान एक लाइफ इंश्योरेंस कंपनी में काम करता है. पूछताछ में सामने आया कि वह अपने एक पुराने परिचित और कंपनी में काम करने वाले साथी के साथ मिलकर बंद बीमा पॉलिसियों की रकम वापस दिलाने या उन्हें दोबारा चालू कराने का झांसा देता था. आरोपियों पर सरकारी संस्थाओं के अधिकारी बनकर भरोसा जीतने और NOC व अदालती औपचारिकताओं के नाम पर रकम लेने का आरोप है.

पुलिस का कहना है कि ठगी के लिए फर्जी बैंक खातों और मोबाइल नंबरों का इस्तेमाल किया गया. मामले में दूसरे आरोपी की तलाश जारी है. पुलिस के अनुसार, साइबर थाना कबीरधाम अब तक ऑनलाइन ठगी के मामलों में पांच मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर चुका है.