कर्नाटक में पेट्रोल में निर्धारित मात्रा से अधिक इथेनॉल मिलाए जाने के आरोपों को लेकर राज्य सरकार और तेल कंपनियों के बीच विवाद बढ़ गया है. राज्य के मंत्री रिजवान अरशद ने शुक्रवार को दावा किया था कि इंडियन ऑयल के एक नमूने में इथेनॉल की मात्रा 31.2% पाई गई. उन्होंने कंपनी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी.

इसके जवाब में इंडियन ऑयल ने अपनी जांच के नतीजे साझा किए. कंपनी के अनुसार, 27 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से कुल 893 नमूने लिए गए थे. इनमें कर्नाटक के 56 नमूने शामिल थे. कंपनी का कहना है कि सभी नमूनों में इथेनॉल की मात्रा निर्धारित 19-21% सीमा के भीतर मिली और किसी नमूने में 21% से अधिक मिश्रण नहीं पाया गया.

इंडियन ऑयल ने कहा कि कर्नाटक के कुछ रिटेल आउटलेट्स पर अत्यधिक इथेनॉल मिश्रण के दावे निर्धारित प्रक्रियाओं के तहत हुई जांच से पुष्ट नहीं होते. IOCL, BPCL और HPCL ने राज्य सरकार के साथ संयुक्त और पारदर्शी जांच कराने का आग्रह किया है, ताकि अलग-अलग जांच रिपोर्टों के बीच वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सके.