केरल सरकार ने राज्य के सरकारी कर्मचारियों और पेंशनरों को दिवाली से पहले राहत देते हुए महंगाई भत्ते (DA) और महंगाई राहत (DR) में 2 प्रतिशत की बढ़ोतरी की है. इस फैसले के बाद DA और DR की दर 35 प्रतिशत से बढ़कर 37 प्रतिशत हो गई है.

वित्त विभाग के 17 अक्टूबर 2026 के सरकारी आदेश के मुताबिक, संशोधित DA राज्य सरकार के कर्मचारियों, शिक्षकों, सहायता प्राप्त स्कूलों के कर्मचारियों, निजी कॉलेजों और पॉलिटेक्निक संस्थानों के कर्मचारियों, पूर्णकालिक आकस्मिक कर्मचारियों तथा स्थानीय निकायों के कर्मचारियों पर लागू होगा. यही बढ़ोतरी राज्य सेवा के पेंशनरों, पारिवारिक पेंशनरों और अन्य पात्र पेंशन श्रेणियों के लिए DR में भी की गई है.

सरकारी आदेश के अनुसार, 2 प्रतिशत की यह बढ़ोतरी 1 जनवरी 2026 से प्रभावी मानी गई है. कर्मचारियों को इसका भुगतान अक्टूबर 2026 के वेतन के साथ किया जाएगा, जबकि पेंशनरों को संशोधित राहत पेंशन भुगतान में मिलेगी. इससे पहले फरवरी 2026 में केरल सरकार ने DA और DR को 25 प्रतिशत से बढ़ाकर 35 प्रतिशत किया था.