नई दिल्ली का खान मार्केट दुनिया की सबसे महंगी रिटेल सड़कों की सूची में 24वें स्थान पर बना हुआ है. कुशमैन एंड वेकफील्ड की ‘मेन स्ट्रीट्स अक्रॉस द वर्ल्ड 2026’ रिपोर्ट के अनुसार, यहां प्राइम रिटेल स्पेस का वार्षिक किराया 14% सालाना बढ़कर 238 डॉलर प्रति वर्ग फुट पहुंच गया है.
रिपोर्ट में खान मार्केट को भारत की सबसे महंगी रिटेल लोकेशन और वैश्विक शीर्ष 30 में शामिल देश का एकमात्र बाजार बताया गया है. यह रैंकिंग प्रमुख शहरी रिटेल सड़कों के हेडलाइन किरायों के आधार पर तैयार की जाती है.
147 रिटेल लोकेशनों का आकलन
कुशमैन एंड वेकफील्ड के 36वें संस्करण में दुनिया भर के 147 प्रमुख रिटेल लोकेशनों के किराये का विश्लेषण किया गया. रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिका के न्यूयॉर्क शहर की अपर फिफ्थ एवेन्यू इस वर्ष दुनिया की सबसे महंगी रिटेल स्ट्रीट रही.
भारत में प्रीमियम हाई-स्ट्रीट रिटेल के लिए खान मार्केट की स्थिति इस रिपोर्ट में फिर मजबूत दिखी है. किराये में बढ़ोतरी ऐसे समय दर्ज हुई है, जब ब्रांड प्रमुख बाजारों में सीमित और मांग वाले व्यावसायिक स्थानों के लिए प्रतिस्पर्धा कर रहे हैं.
