कोलकाता के न्यू टाउन में प्रस्तावित 2,000 बेड वाले ‘अदाणी आरोग्य मंदिर’ की आधारशिला 24 सितंबर 2026 को रखी गई. कार्यक्रम में अदाणी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अदाणी और पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी शामिल हुए.
परियोजना पर 4,000 करोड़ रुपये से अधिक निवेश किया जाना है. इसे गैर-लाभकारी मेडिकल संस्थान के रूप में विकसित करने की योजना है. परिसर में अस्पताल के साथ मेडिकल कॉलेज और उन्नत चिकित्सा अनुसंधान सुविधाएं भी प्रस्तावित हैं.
योजना के मुताबिक, कुल 2,000 बेड में से 1,000 बेड आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के लिए आरक्षित रहेंगे. इनका लाभ राज्य और केंद्र सरकार की स्वास्थ्य बीमा योजनाओं के तहत पात्र लोगों को मिलने की बात कही गई है.
अदाणी समूह के अनुसार, परियोजना से पश्चिम बंगाल के स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े पारिस्थितिकी तंत्र में 10,000 से अधिक प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर बन सकते हैं. यह अस्पताल न्यू टाउन के एक्शन एरिया-2 में करीब 51 एकड़ क्षेत्र में विकसित किया जाएगा.
समारोह के दौरान गौतम अदाणी ने 2035 तक पश्चिम बंगाल में विभिन्न क्षेत्रों में 1 लाख करोड़ रुपये से अधिक निवेश की योजना का भी ऐलान किया.
