इन्फ्रास्ट्रक्चर कंपनी Larsen & Toubro (L&T) ने मुंबई, बेंगलुरु और हैदराबाद में आवासीय तथा वाणिज्यिक परियोजनाओं के लिए बड़े ऑर्डर मिलने की जानकारी दी है. कंपनी के अनुसार, ये ऑर्डर उसके रेजिडेंशियल, कमर्शियल बिल्डिंग्स एंड फैक्ट्रीज बिजनेस वर्टिकल को एक प्रतिष्ठित ग्राहक से मिले हैं.

L&T की वर्गीकरण नीति के मुताबिक ₹1,000 करोड़ से ₹2,500 करोड़ के बीच के ऑर्डर को ‘सिग्निफिकेंट’ श्रेणी में रखा जाता है. कंपनी ने इन परियोजनाओं के कुल अनुबंध मूल्य का अलग से खुलासा नहीं किया है.

मुंबई में कंपनी को नौ हाई-राइज आवासीय टावर बनाने का काम मिला है. प्रत्येक टावर में एक बेसमेंट और 50 मंजिलें होंगी. बेंगलुरु में भी नौ आवासीय टावर बनाए जाएंगे. इन टावरों में तीन बेसमेंट और 25 मंजिलें प्रत्येक होंगी.

हैदराबाद की परियोजना में पांच बेसमेंट और 22 मंजिलों वाला प्रीमियम कमर्शियल टावर बनाया जाना है. इसके अलावा, कंपनी के संबंधित बिजनेस वर्टिकल को कुछ मौजूदा परियोजनाओं के लिए अतिरिक्त ऑर्डर भी मिले हैं.

L&T इंजीनियरिंग, खरीद और निर्माण यानी EPC परियोजनाओं के साथ-साथ हाई-टेक मैन्युफैक्चरिंग, उत्पादों और सेवाओं के कारोबार में भी सक्रिय है.