मार्गो साबुन की कहानी भारत के स्वदेशी आंदोलन और औपनिवेशिक दौर में देशी उद्योग खड़ा करने की कोशिश से जुड़ी है. इसके संस्थापक खगेन्द्र चंद्र दास, जिन्हें केसी दास के नाम से जाना जाता है, ऐसे परिवार से आए थे जहां उनके पिता ब्रिटिश सरकार में जज थे और मां गांधीवादी कार्यकर्ता थीं. मां के स्वतंत्रता आंदोलन से जुड़े विचारों का उन पर गहरा प्रभाव पड़ा.
केसी दास ने ब्रिटेन में पढ़ाई करने के बजाय अमेरिका का रुख किया. उन्होंने Stanford University से 1910 में रसायन विज्ञान की पढ़ाई पूरी की. बाद में जापान में रासायनिक और औषधीय तकनीकों का अध्ययन करने के बाद वे भारत लौटे.
1916 में शुरू हुई कंपनी
1916 में केसी दास ने बीएन मैत्रा और आरएन सेन के साथ मिलकर Calcutta Chemical Company शुरू की. कंपनी का उद्देश्य विदेशी, खासकर ब्रिटिश उत्पादों पर निर्भरता कम करना और भारतीय कच्चे माल से उपयोगी उत्पाद तैयार करना था.
नीम को आधार बनाकर तैयार किया गया साबुन 1920 में Margo नाम से बाजार में आया. इसी कंपनी ने Neem Toothpaste और Lavender Dew Powder जैसे उत्पाद भी बनाए. मार्गो धीरे-धीरे भारतीय घरों में पहचाना जाने वाला ब्रांड बना और स्वदेशी उद्यमिता की मिसाल के तौर पर याद किया जाने लगा.
