कॉरपोरेट मामलों के मंत्रालय (MCA) ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए कंपनियों की सालाना वैधानिक फाइलिंग की समयसीमा बढ़ा दी है. मंत्रालय के 24 अक्टूबर 2026 के General Circular No. 05/2026 के अनुसार, कंपनियां अब वित्तीय विवरण और वार्षिक रिटर्न तय नई तारीखों तक बिना अतिरिक्त शुल्क के दाखिल कर सकेंगी.
वित्तीय विवरण दाखिल करने वाले e-forms AOC-4, AOC-4 (CFS), AOC-4 (XBRL), AOC-4 NBFC (Ind AS) और AOC-4 CFS NBFC (Ind AS) के लिए नई अंतिम तारीख 31 दिसंबर 2026 है. वहीं, वार्षिक रिटर्न के लिए MGT-7 और MGT-7A फॉर्म 31 जनवरी 2027 तक दाखिल किए जा सकेंगे.
यह राहत वित्त वर्ष 2025-26 की फाइलिंग पर लागू है. इससे पहले वित्तीय विवरण के लिए 31 अक्टूबर 2026 और वार्षिक रिटर्न के लिए 30 नवंबर 2026 की समयसीमा बताई गई थी. समयसीमा बढ़ाने का फैसला हितधारकों से मिले अनुरोधों के बाद लिया गया है. MCA-21 पोर्टल पर तकनीकी दिक्कतों के कारण कंपनियों और पेशेवरों को फाइलिंग में परेशानी का सामना करना पड़ा था.
AGM की समयसीमा में बदलाव नहीं
मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि यह सर्कुलर Annual General Meeting यानी AGM आयोजित करने की वैधानिक समयसीमा को नहीं बढ़ाता. जिन कंपनियों ने AGM से जुड़े नियमों का पालन नहीं किया है, वे संबंधित प्रावधानों के तहत जवाबदेह रहेंगी. नई विस्तारित तारीखों के बाद दाखिल किए गए फॉर्म पर नियमों के अनुसार सामान्य और अतिरिक्त शुल्क लागू हो सकते हैं.
