मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज ऑफ इंडिया (MCX) का वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही में समेकित शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर दोगुने से अधिक बढ़कर ₹455 करोड़ हो गया. पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में एक्सचेंज का शुद्ध मुनाफा ₹197.47 करोड़ था.

नियामकीय फाइलिंग के अनुसार, सितंबर तिमाही में MCX की कुल आय बढ़कर ₹799.66 करोड़ हो गई, जबकि एक साल पहले यह ₹374.23 करोड़ थी. इस दौरान कुल खर्च भी बढ़कर ₹211.36 करोड़ हो गया, जो पिछले साल की समान अवधि में ₹150.41 करोड़ था.

कारोबारी गतिविधियों में भी मजबूत वृद्धि दर्ज की गई. तिमाही के दौरान फ्यूचर्स का औसत दैनिक टर्नओवर ₹62,819 करोड़ रहा. ऑप्शंस का औसत दैनिक टर्नओवर इससे काफी अधिक ₹12,00,129 करोड़ दर्ज किया गया.

MCX पर तिमाही के दौरान कमोडिटी की भौतिक डिलीवरी भी हुई. इसमें 5.68 टन सोना, 199.91 टन चांदी और 34,707 टन बेस मेटल शामिल रहे.

MCX की प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रवीणा राय ने कहा कि दूसरी तिमाही का प्रदर्शन बाजार प्रतिभागियों के भरोसे और कमोडिटी क्षेत्र में एक्सचेंज की बढ़ती प्रासंगिकता को दर्शाता है. उन्होंने बेहतर प्रदर्शन का श्रेय विभिन्न उत्पाद श्रेणियों में लगातार वृद्धि, बाजार भागीदारी बढ़ने और उत्पाद बास्केट के विस्तार के प्रयासों को दिया. राय के अनुसार, आगे कंपनी का फोकस बाजार भागीदारी और उत्पाद पोर्टफोलियो बढ़ाने के साथ तकनीक व नवाचार में निवेश पर रहेगा.