माइक्रोसॉफ्ट ने भारत, अमेरिका, ब्रिटेन और कनाडा में अपने करीब 60 हजार कर्मचारियों को स्वैच्छिक रूप से नौकरी छोड़ने का विकल्प दिया है. कंपनी के ब्लॉग के अनुसार, यह सीमित अवधि की पहल है और इसमें शामिल कर्मचारियों को आर्थिक सहायता के साथ करियर योजना बनाने में मदद दी जाएगी.
भारत में माइक्रोसॉफ्ट के करीब 23 हजार कर्मचारी हैं. हालांकि, इनमें से कितने कर्मचारी इस ऑफर के लिए पात्र होंगे, इसकी जानकारी अभी स्पष्ट नहीं की गई है. भारत में पात्र कर्मचारियों को 1 दिसंबर तक अपना फैसला बताना होगा.
यह योजना AI एक्सपीरियंस, Copilot, फाइनेंस, ह्यूमन रिसोर्सेज, Xbox और Windows + Devices समेत कई विभागों पर लागू होगी. डेटा सेंटर, सेल्स और मार्केटिंग में काम करने वाले कर्मचारियों को इससे बाहर रखा गया है.
पैकेज में क्या मिलेगा
उपलब्ध जानकारी के अनुसार, स्वैच्छिक रूप से नौकरी छोड़ने वाले कर्मचारियों को कंपनी की सामान्य सेपरेशन व्यवस्था जैसा पैकेज दिया जाएगा. इसमें नौकरी के हर पूरे साल के लिए एक महीने का मूल वेतन, स्वास्थ्य बीमा और करियर बदलने में मदद देने वाली सेवाएं शामिल होंगी.
माइक्रोसॉफ्ट की एग्जीक्यूटिव वाइस प्रेसिडेंट एमी कोलमैन ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य उन कर्मचारियों को विकल्प देना है, जो कंपनी से बाहर नौकरी या करियर के दूसरे अवसरों पर विचार कर रहे हैं. कंपनी नए कौशल सीखने और आंतरिक करियर अवसर तलाशने में भी कर्मचारियों की मदद जारी रखने की बात कहती है.
यह कदम ऐसे समय आया है जब कंपनी ने इसी साल जुलाई में 4,800 कर्मचारियों की छंटनी की थी. कंपनी ने उस फैसले को AI इंफ्रास्ट्रक्चर पर बढ़ते खर्च और कारोबारी दक्षता से जोड़ा था. नियामकीय फाइलिंग के अनुसार, जून के अंत में माइक्रोसॉफ्ट के दुनियाभर में 2,23,000 कर्मचारी थे, जबकि 2025 के अंत में यह संख्या 2,28,000 थी.
