Moody’s Ratings ने IPO लाने की तैयारी कर रही OYO की पैरेंट कंपनी Prism के आउटलुक को ‘स्थिर’ से बदलकर ‘सकारात्मक’ कर दिया है. रेटिंग एजेंसी ने कंपनी की B2 कॉरपोरेट फैमिली रेटिंग को बरकरार रखा है.

Moody’s के मुताबिक, सकारात्मक आउटलुक की वजह अगले 12-18 महीनों में OYO की कमाई और फ्री कैश फ्लो में मजबूती की उम्मीद है. इससे कंपनी को कर्ज घटाने में मदद मिल सकती है, जबकि उसकी लिक्विडिटी मजबूत बनी रहने की संभावना है.

रेटिंग एजेंसी ने OYO की बजट आवास क्षेत्र में अग्रणी स्थिति और भारत, यूरोप तथा अमेरिका में उसके भौगोलिक विस्तार को भी रेटिंग बरकरार रखने के प्रमुख आधारों में शामिल किया है.

EBITDA और नकदी प्रवाह में सुधार

Moody’s का अनुमान है कि नए स्टोरफ्रंट जोड़ने और प्लेटफॉर्म का विस्तार जारी रहने से अगले 12-18 महीनों में OYO का EBITDA करीब 3,000 करोड़ रुपये तक पहुंच सकता है. वित्त वर्ष 2026 में कंपनी का EBITDA दोगुने से अधिक बढ़कर 2,630 करोड़ रुपये रहा, जबकि वित्त वर्ष 2025 में यह 1,080 करोड़ रुपये था.

वित्त वर्ष 2026 में OYO ने कई वर्षों के कैश बर्न के बाद पहली बार सकारात्मक फ्री कैश फ्लो दर्ज किया. Moody’s को अगले एक से दो वर्षों में भी सकारात्मक फ्री कैश फ्लो बने रहने की उम्मीद है.

OYO करीब 6,650 करोड़ रुपये जुटाने के लिए IPO लाने की योजना बना रही है. इसमें से लगभग 5,000 करोड़ रुपये कर्ज चुकाने में इस्तेमाल किए जाने हैं. हालांकि, IPO के समय और उसके सफलतापूर्वक पूरा होने को लेकर अनिश्चितता के कारण Moody’s ने अपनी मूल वित्तीय गणना में IPO से मिलने वाली राशि और कर्ज भुगतान को शामिल नहीं किया है. OYO की स्थापना 2013 में रितेश अग्रवाल ने की थी.