हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी 27 और 28 अक्टूबर को गुजरात के दौरे पर जाएंगे. इस यात्रा का उद्देश्य राज्य में नए निवेश आकर्षित करना और औद्योगिक विस्तार के लिए गुजरात के कारोबारी समुदाय से संपर्क बढ़ाना है.

दौरे के पहले दिन सैनी सूरत में निवेशकों के साथ आमने-सामने बैठकें करेंगे. बातचीत में हरियाणा में उद्योग स्थापित करने, मौजूदा कारोबार के विस्तार और संभावित परियोजनाओं पर चर्चा होगी. इसी दिन हरियाणा मूल के लोगों तथा कारोबारी प्रतिनिधियों के साथ प्रवासी मिलन समारोह भी प्रस्तावित है.

28 अक्टूबर को गांधीनगर में हरियाणा इन्वेस्टमेंट रोडशो होगा. इसमें उद्योगपति, निवेशक और विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिनिधि शामिल होंगे. सरकार हरियाणा की औद्योगिक अवसंरचना, कनेक्टिविटी, कुशल कार्यबल और निवेश-अनुकूल नीतियों को सामने रखेगी. संभावित निवेश प्रस्तावों और कारोबारी साझेदारियों पर भी विचार किया जाएगा.

‘Make in Haryana Industrial Policy-2026’ के तहत राज्य ने 2030-31 तक लगभग ₹5 लाख करोड़ का नया निवेश आकर्षित करने और 10 लाख से अधिक रोजगार अवसर पैदा करने का लक्ष्य रखा है. सरकार निवेश प्रस्तावों को परियोजनाओं में बदलने पर जोर दे रही है.