नायरा एनर्जी ने शनिवार, 3 अक्टूबर 2026 से अपने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी. कंपनी के देशभर में संचालित 7,108 पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल-डीजल के दाम 3 से 5 रुपये प्रति लीटर तक बढ़ाए गए हैं.

बढ़ोतरी के बाद भोपाल में नायरा एनर्जी का पेट्रोल 119.54 रुपये प्रति लीटर और डीजल 103.64 रुपये प्रति लीटर हो गया है. रिपोर्ट के अनुसार, नई दरें तत्काल प्रभाव से लागू की गई हैं.

सरकारी तेल कंपनियों की दरें स्थिर

इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम के पेट्रोल पंपों पर कीमतों में इस समय कोई बदलाव नहीं किया गया है. इन कंपनियों के पंपों पर पेट्रोल और डीजल पुरानी दरों पर ही मिल रहे हैं.

नायरा ने इससे पहले 26 मार्च 2026 को पेट्रोल में 5 रुपये और डीजल में 3 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की थी. बाद में कच्चे तेल की कीमतों में नरमी आने पर कंपनी ने वह बढ़ोतरी वापस ले ली थी. ताजा वृद्धि को कच्चे तेल की कीमतों में बढ़ोतरी से जोड़कर बताया गया है. कंपनी के प्रवक्ता की ओर से खबर लिखे जाने तक आधिकारिक प्रतिक्रिया उपलब्ध नहीं थी.