भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने एक्सप्रेसवे से अलग हाई-स्पीड, एक्सेस-कंट्रोल्ड नेशनल हाईवे के लिए नई डिजाइन और सुरक्षा गाइडलाइन जारी की है. अब सड़क की लेन संख्या और कॉरिडोर की चौड़ाई अनुमानित ट्रैफिक के आधार पर तय होगी.

नई व्यवस्था के तहत रोजाना 15,000 तक वाहनों वाले कॉरिडोर में चार लेन की सड़क और चार लेन के पुल, फ्लाईओवर या अंडरपास बनाए जाएंगे. ऐसे मार्गों के लिए 60 मीटर चौड़ाई निर्धारित की गई है.

15,000 से 25,000 वाहनों वाले हिस्सों में सड़क चार लेन की होगी, लेकिन स्थायी ढांचे छह लेन के लिए तैयार किए जाएंगे. इस श्रेणी में कॉरिडोर की चौड़ाई 70 मीटर होगी. 25,000 से 40,000 वाहनों वाले मार्गों पर छह लेन की सड़क और छह लेन के ढांचे बनाए जाएंगे.

गाइडलाइन में प्रवेश और निकास बिंदुओं की पहले से सूचना देने, प्रमुख सड़कों और बड़े यातायात केंद्रों के पास रैंप वाले इंटरचेंज बनाने तथा हाई-स्पीड यातायात के अनुरूप सुरक्षा प्रावधानों पर भी जोर दिया गया है. ये नियम आगामी ग्रीनफील्ड और ब्राउनफील्ड परियोजनाओं के लिए हैं.