कृषि जिंसों और मसालों का निर्यात करने वाली NHC Foods Ltd के सितंबर तिमाही के वित्तीय प्रदर्शन में तेज सुधार दर्ज किया गया है. कंपनी के अनुसार, तिमाही में कुल आय सालाना आधार पर 333% बढ़कर ₹451.32 करोड़ हो गई. पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में यह आय ₹104.09 करोड़ थी.
कंपनी का मुनाफा भी बढ़कर ₹21.68 करोड़ पहुंच गया, जो एक साल पहले की समान अवधि में ₹1.34 करोड़ था. इस आधार पर तिमाही मुनाफे में 16 गुने से अधिक की वृद्धि हुई.
वित्त वर्ष 2026-27 की पहली छमाही में NHC Foods की कुल आय ₹821.45 करोड़ रही. एक साल पहले की अवधि में यह ₹214.68 करोड़ थी, यानी आय में 282% की वृद्धि हुई. पहली छमाही का मुनाफा करीब 13 गुना बढ़कर ₹38.68 करोड़ हो गया, जबकि पिछले साल यह ₹3.01 करोड़ था.
Sachmaas Foods में हिस्सेदारी खरीदने की मंजूरी
कंपनी के बोर्ड ने Sachmaas Foods में 99.98% हिस्सेदारी के अधिग्रहण को मंजूरी दी है. Sachmaas Foods चने, मूंगफली और अन्य खाद्य उत्पादों के विनिर्माण, प्रसंस्करण, रीपैकिंग और कारोबार से जुड़ी है. कंपनी थोक और खुदरा, दोनों चैनलों के जरिए कारोबार करती है.
NHC Foods के अनुसार, इस अधिग्रहण से खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र में उसकी मौजूदगी बढ़ने और उत्पाद पोर्टफोलियो मजबूत होने की उम्मीद है.
कंपनी के प्रबंध निदेशक सत्यम जोशी ने कहा कि प्रबंधन परिचालन विस्तार, कृषि जिंसों और खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्रों में मौजूदगी मजबूत करने तथा अपनी क्षमताओं से मेल खाने वाले अवसरों पर ध्यान केंद्रित कर रहा है.
बोर्ड ने खाद्य प्रसंस्करण और FMCG क्षेत्रों में 15 वर्ष से अधिक अनुभव रखने वाले जयेश शाह को अतिरिक्त निदेशक नियुक्त किया. अलेशा हकीम खान को कंपनी सचिव और अनुपालन अधिकारी बनाया गया है.
