केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा है कि अंतरराष्ट्रीय अर्थव्यवस्था में अनिश्चितता अब स्थायी स्थिति बन चुकी है. ऐसे माहौल में नीतियां इस तरह तैयार करनी होंगी कि देश वैश्विक झटकों को सह सके और विकास की राह से न भटके. उन्होंने रणनीतिक क्षेत्रों में आत्मनिर्भरता और मजबूत, किफायती आपूर्ति शृंखलाओं को राष्ट्रीय सुरक्षा से जोड़ा.
नई दिल्ली में ‘रेजिलिएंस इन एन एज ऑफ फ्लक्स’ विषय पर आयोजित कौटिल्य इकोनॉमिक कॉन्क्लेव में वित्त मंत्री ने कहा कि एकल स्रोतों पर निर्भरता से पैदा होने वाली कमजोरियों को घरेलू क्षमता और परिचालन गहराई के जरिये कम करना जरूरी है. उनके मुताबिक आर्थिक लचीलापन एक बार पूरा हो जाने वाला काम नहीं, बल्कि लगातार मजबूत किए जाने वाली प्रक्रिया है.
सीतारमण ने इस दिशा में नेशनल क्रिटिकल मिनरल मिशन, रेयर अर्थ कॉरिडोर, इंडिया सेमीकंडक्टर मिशन 2.0 और छोटे मॉड्यूलर रिएक्टरों का उल्लेख किया. उन्होंने कहा कि ये पहल रणनीतिक इनपुट, ऊर्जा और तकनीकी आपूर्ति से जुड़ी संभावित चुनौतियों का सामना करने की तैयारी का हिस्सा हैं.
आर्थिक संकेतकों से लचीलेपन का दावा
वित्त मंत्री ने भारतीय अर्थव्यवस्था की स्थिति के पक्ष में कई मैक्रोइकोनॉमिक संकेतक रखे. उनके अनुसार, वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में वास्तविक सकल घरेलू उत्पाद यानी रियल GDP की वृद्धि दर 7.8 प्रतिशत रही. अगस्त में खुदरा महंगाई 4.82 प्रतिशत थी, जो भारतीय रिजर्व बैंक की छह प्रतिशत की ऊपरी सीमा से नीचे है. पहली तिमाही में चालू खाते का घाटा GDP का 0.5 प्रतिशत रहा.
उन्होंने कहा कि बैंकों का सकल गैर-निष्पादित परिसंपत्ति अनुपात कई दशकों के निचले स्तर पर है और विदेशी मुद्रा भंडार करीब 766 अरब डॉलर है. सीतारमण के मुताबिक भारत अब भी दुनिया की सबसे तेज बढ़ने वाली प्रमुख अर्थव्यवस्था है और राजकोषीय अनुशासन से विचलन नहीं हुआ है.
तेल कीमतों और वैश्विक संघर्षों का दबाव
वित्त मंत्री ने कहा कि मार्च 2020 से वैश्विक अर्थव्यवस्था को कोविड-19 महामारी, रूस-यूक्रेन और इजरायल-हमास संघर्षों, अमेरिका-ईरान युद्ध, समुद्री मार्गों में रुकावट और शुल्कों के इस्तेमाल से पैदा हुए व्यापार व्यवधानों जैसे झटकों का सामना करना पड़ा है.
उन्होंने बताया कि भारत अपनी रिफाइनरियों के लिए 88 प्रतिशत से अधिक कच्चा तेल आयात करता है. ब्रेंट क्रूड की कीमत 31 मार्च 2020 को 22.74 डॉलर प्रति बैरल थी, जो 31 मार्च 2022 को बढ़कर 104.71 डॉलर हो गई. इसके बाद भी कीमतें भू-राजनीतिक घटनाक्रमों के अनुसार 70 से 100 डॉलर के बीच झूलती रहीं और दो अक्टूबर को यह 102.25 डॉलर प्रति बैरल थी.
सीतारमण ने कहा कि कीमतों में झटके को मौद्रिक और राजकोषीय उपायों से कुछ हद तक संभाला जा सकता है, लेकिन आपूर्ति या मात्रा से जुड़ा झटका भंडार, वितरण तंत्र और राज्य की वास्तविक क्षमता की परीक्षा लेता है. उन्होंने वैश्विक सार्वजनिक कर्ज का भी उल्लेख किया, जो 2025 में GDP के करीब 94 प्रतिशत तक पहुंच गया था और 2029 तक 100 प्रतिशत तक पहुंचने का अनुमान है.
