टाटा ग्रुप में नवंबर में बोर्ड स्तर पर बड़ा बदलाव होने जा रहा है. टाटा ट्रस्ट्स के चेयरमैन नोएल टाटा 12 नवंबर 2026 को 70 वर्ष की उम्र पूरी करेंगे. इसके बाद वह ग्रुप की छह प्रमुख कंपनियों के बोर्ड से हट जाएंगे. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यह बदलाव टाटा ग्रुप की गैर-कार्यकारी और गैर-स्वतंत्र निदेशकों के लिए तय रिटायरमेंट नीति के तहत होगा.

जिन कंपनियों में नोएल टाटा की बोर्ड भूमिका समाप्त होगी, उनमें ट्रेंट, वोल्टास, टाटा इंटरनेशनल, टाटा इन्वेस्टमेंट कॉरपोरेशन, टाटा स्टील और टाइटन कंपनी शामिल हैं. वह ट्रेंट, वोल्टास, टाटा इंटरनेशनल और टाटा इन्वेस्टमेंट कॉरपोरेशन के गैर-कार्यकारी चेयरमैन हैं. टाटा स्टील और टाइटन में वह वाइस चेयरमैन की भूमिका में हैं.

टाटा सन्स में भूमिका जारी रहेगी

इन कंपनियों से हटने के बावजूद नोएल टाटा टाटा सन्स के बोर्ड में टाटा ट्रस्ट्स के नॉमिनी डायरेक्टर बने रहेंगे. टाटा ट्रस्ट्स की टाटा सन्स में करीब 66 प्रतिशत हिस्सेदारी है. वह ट्रेंट और Tesco के संयुक्त उपक्रम ट्रेंट हाइपरमार्केट में भी अपनी भूमिका जारी रखेंगे.

छह कंपनियों में उनके स्थान पर नियुक्तियों को लेकर अब तक औपचारिक घोषणा नहीं हुई है.