नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (NPCI) ने छोटे व्यापारियों के बीच UPI भुगतान का विस्तार करने के लिए ‘UPI व्यापार सक्षम योजना’ शुरू की है. योजना के तहत पात्र नए व्यापारी के यहां फिजिकल UPI QR कोड लगाने पर ₹300 और साउंडबॉक्स लगाने पर ₹750 का प्रोत्साहन निर्धारित किया गया है. यह राशि सीधे दुकानदार को नहीं, बल्कि QR या साउंडबॉक्स लगाने वाले एक्वायरिंग बैंक को दी जाएगी.

प्रोत्साहन पाने के लिए व्यापारी के यहां किसी तिमाही के तीन महीनों में से कम-से-कम दो महीनों में 25 पात्र UPI लेनदेन होने चाहिए. संबंधित प्रत्येक महीने में लेनदेन का कुल मूल्य कम-से-कम ₹5,000 होना जरूरी है. केवल QR या साउंडबॉक्स लगाने से प्रोत्साहन नहीं मिलेगा.

किन क्षेत्रों पर जोर

योजना में Tier-3 से Tier-6 केंद्रों, पूर्वोत्तर राज्यों तथा जम्मू-कश्मीर और लद्दाख को प्राथमिकता दी गई है. अधिसूचित केंद्रीय सरकारी योजनाओं के दायरे में आने वाले पात्र व्यापारी भी शामिल हो सकते हैं.

योजना के फंड का 30 प्रतिशत नए व्यापारियों को जोड़ने, 50 प्रतिशत UPI लेनदेन बढ़ाने और 20 प्रतिशत लक्षित क्षेत्रों में अतिरिक्त वृद्धि को प्रोत्साहित करने के लिए रखा गया है. लेनदेन वृद्धि वाले घटक में पिछली तिमाही की तुलना में कम-से-कम 5 प्रतिशत वृद्धि की शर्त है.