पेंशन फंड नियामक PFRDA की NPS Swasthya योजना के दूसरे Proof of Concept (PoC 2) में पेंशन बचत को स्वास्थ्य खर्चों से जोड़ा गया है. योजना के तहत हेल्थ इंश्योरेंस लाभ लेना अनिवार्य है और इसका प्रीमियम NPS Swasthya खाते से आंशिक निकासी के रूप में काटा जाएगा. बीमा की शर्तें संबंधित बीमा कंपनी और लागू IRDAI नियमों के अनुसार होंगी.
PFRDA के आधिकारिक दस्तावेज के मुताबिक, PoC 2 में शामिल होने के लिए न्यूनतम शुरुआती योगदान ₹25,000 रखा गया है. मेडिकल खर्चों के लिए सब्सक्राइबर अपने स्वयं के योगदान का अधिकतम 25% निकाल सकता है. इसके लिए पहली निकासी से पहले खाते में कम से कम ₹50,000 का कॉर्पस जमा होना जरूरी है. निकासी की संख्या पर रोक नहीं है और न्यूनतम प्रतीक्षा अवधि भी लागू नहीं है.
अगर अस्पताल में भर्ती होने का खर्च खाते में उपलब्ध राशि के 70% से अधिक हो जाता है, तो गंभीर चिकित्सा उपचार के लिए 100% राशि एकमुश्त निकालने की अनुमति दी जा सकती है. रकम सीधे संबंधित अस्पताल, Health Benefit Administrator या Third Party Administrator को भेजी जाएगी. खर्च निपटाने के बाद बची राशि Common Scheme Account में लौटाई जाएगी. यह योजना अभी Proof of Concept के रूप में लागू है.
