1 अक्टूबर 2026 से एनआरआई या किसी अन्य गैर-निवासी से अचल संपत्ति खरीदने वाले निवासी व्यक्ति और हिंदू अविभाजित परिवार (HUF) को TDS काटने के लिए अलग Tax Deduction and Collection Account Number (TAN) लेने की जरूरत नहीं होगी. यह बदलाव आयकर अधिनियम, 2025 के तहत लागू होगा.

नए नियमों के मुताबिक खरीदार अपने PAN का इस्तेमाल करके PAN-आधारित challan-cum-statement दाखिल कर सकेगा. इसके लिए Form 141 में संबंधित विवरण भरना होगा. आयकर विभाग के आधिकारिक FAQ के अनुसार, इस प्रक्रिया में खरीदार को विक्रेता का PAN दर्ज करके TDS की कटौती और रिपोर्टिंग करनी होगी.

Form 141 में संपत्ति खरीद से जुड़े लेनदेन के लिए अलग प्रावधान है. विभाग के अनुसार, गैर-निवासी विक्रेता से संपत्ति खरीदने पर भी प्रक्रिया अब निवासी विक्रेता से खरीद के समान PAN-आधारित होगी.

यह सुविधा खास तौर पर उन लोगों के लिए अनुपालन का बोझ घटाएगी, जिन्हें एकमुश्त संपत्ति सौदे के लिए पहले TAN लेना पड़ता था. हालांकि, TDS काटने और निर्धारित समयसीमा में जमा करने की जिम्मेदारी खरीदार की ही रहेगी.