प्रधानमंत्री कार्यालय के सलाहकार तरुण कपूर ने कहा है कि कच्चे तेल और प्राकृतिक गैस की ऊंची कीमतों के कारण भारत की अर्थव्यवस्था पर हर साल करीब 6-7 लाख करोड़ रुपये का अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है. उन्होंने यह बात CII के ऊर्जा सुरक्षा सम्मेलन में कही.

कपूर के अनुसार, भारत की आयात-निर्भरता का असर ईंधन कीमतों के साथ-साथ माल ढुलाई, महंगाई और जरूरी वस्तुओं की लागत पर भी पड़ता है. उन्होंने कहा कि सरकार और तेल कंपनियों ने कीमतों में बढ़ोतरी का एक हिस्सा खुद वहन किया, ताकि पूरा असर उपभोक्ताओं पर न पड़े.

आयात घटाने के लिए कई विकल्प

ऊर्जा सुरक्षा के लिए कपूर ने डीजल में जैव ईंधन की ब्लेंडिंग, इलेक्ट्रिक वाहनों के इस्तेमाल और रेलवे के अधिक उपयोग का सुझाव दिया. उनके मुताबिक, इससे पेट्रोल-डीजल की मांग और आयातित कच्चे तेल पर निर्भरता घटाने में मदद मिल सकती है.

उन्होंने रणनीतिक तेल भंडारण बढ़ाने और घरेलू कोयले से गैसीकरण के जरिए सिंथेटिक गैस बनाने की संभावनाओं का भी उल्लेख किया.

कपूर ने CBG क्षेत्र में अगले एक-दो वर्षों में विस्तार की उम्मीद जताई. गोबरधन योजना के तहत पूंजीगत सब्सिडी और खरीद की गारंटी से नए CBG संयंत्रों के लिए कारोबारी संभावनाएं बेहतर होने की बात कही गई है.