केंद्रीय उपभोक्ता संरक्षण प्राधिकरण (CCPA) ने Ola चलाने वाली ANI Technologies पर राइड पूरी होने से पहले टिप या अतिरिक्त भुगतान मांगने के मामले में ₹10 लाख का जुर्माना लगाया है. प्राधिकरण ने कंपनी को ऐसे सभी प्री-राइड भुगतान संकेत, संदेश और इंटरफेस तुरंत बंद करने का निर्देश दिया है.

CCPA के अनुसार, Ola के ऐप पर ग्राहकों को यह संकेत दिया जाता था कि टिप देने से राइड जल्दी मिलने या ड्राइवर की पुष्टि की संभावना बढ़ सकती है. बाद में इस सुविधा को ‘टिप’ की जगह ‘ऐड-ऑन’ नाम से दिखाया गया, लेकिन प्राधिकरण ने माना कि मूल व्यवहार में बदलाव नहीं हुआ.

प्राधिकरण ने इस व्यवस्था को अनुचित व्यापार व्यवहार, भ्रामक विज्ञापन और डार्क पैटर्न माना. कार्रवाई में ऐसे डिजाइन भी शामिल हैं, जो ग्राहक पर अतिरिक्त भुगतान के लिए मनोवैज्ञानिक दबाव डाल सकते हैं.

सरकार के 2025 के Motor Vehicle Aggregators Guidelines के मुताबिक टिप की सुविधा यात्रा पूरी होने के बाद ही होनी चाहिए. CCPA ने बताया कि Rapido पर भी इसी तरह ₹10 लाख का जुर्माना लगाया जा चुका है. Uber और Namma Yatri से जुड़े मामले अभी जांच में हैं.

उपभोक्ता ऐसी शिकायतें National Consumer Helpline के 1915 नंबर पर दर्ज करा सकते हैं.