केंद्रीय उपभोक्ता संरक्षण प्राधिकरण (CCPA) ने Ola संचालित करने वाली ANI Technologies पर प्री-राइड ‘टिप’ या ‘ऐड-ऑन’ फीचर को लेकर ₹10 लाख का जुर्माना लगाया है. प्राधिकरण ने कंपनी को यात्रा पूरी होने से पहले अतिरिक्त भुगतान मांगने वाले सभी संदेश, विकल्प और इंटरफेस हटाने का निर्देश दिया है.

CCPA के अनुसार, Ola ऐप पर ड्राइवर की तलाश के दौरान ऐसे संदेश दिखाए गए कि टिप जोड़ने से राइड जल्दी मिलने की संभावना बढ़ सकती है. ये संदेश पहले से तय भुगतान राशियों के ऊपर दिखाई देते थे. प्राधिकरण ने माना कि इससे उपभोक्ताओं के बीच यह धारणा बन सकती थी कि अतिरिक्त भुगतान किए बिना राइड मिलने में देरी होगी.

प्राधिकरण ने इस डिजाइन को ‘Confirm Shaming’ नामक डार्क पैटर्न बताया और इसे अनुचित व्यापार व्यवहार माना. CCPA ने यह भी कहा कि Motor Vehicles Aggregators Guidelines, 2025 के तहत टिप की सुविधा यात्रा पूरी होने के बाद ही होनी चाहिए.

Ola ने पहले इस सुविधा को ‘टिप’ से ‘ऐड-ऑन’ नाम दिया था, लेकिन प्राधिकरण के मुताबिक इससे भुगतान मांगने की मूल प्रकृति नहीं बदली. CCPA ने अन्य कैब एग्रीगेटर्स की समान सुविधाओं की भी जांच शुरू की है.