Old Monk की लेबलिंग को लेकर भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (FSSAI) और इसकी निर्माता कंपनी मोहन रॉकी स्प्रिंगवॉटर प्राइवेट लिमिटेड के बीच विवाद बॉम्बे हाई कोर्ट पहुंच गया है. सुनवाई के दौरान FSSAI ने कहा कि महाराष्ट्र में उत्पाद की बिक्री तभी बहाल की जाएगी, जब लेबल पर इसे ‘Rum’ के बजाय ‘Rum-like’ या ‘Flavoured Spirit’ के रूप में दर्शाया जाए.
निर्माता कंपनी की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता वेंकटेश धोंड ने अदालत को बताया कि ठाणे जिले की इकाई से बिक्री पर लगी रोक के कारण कंपनी को ₹500 करोड़ से अधिक का कॉर्पोरेट नुकसान हुआ है. उन्होंने यह भी दावा किया कि प्रतिबंध से महाराष्ट्र आबकारी विभाग को करीब ₹350 करोड़ के राजस्व का नुकसान हुआ और लगभग 300 कर्मचारी काम से प्रभावित हुए हैं. कंपनी के अनुसार, उत्पाद की बिक्री अन्य राज्यों में जारी है, जबकि रोक महाराष्ट्र में लागू है.
FSSAI की आपत्ति क्या है
FSSAI का तर्क है कि Old Monk में न्यूट्रल स्पिरिट के साथ ऊपर से रम फ्लेवर मिलाया जाता है. प्राधिकरण के मुताबिक, इस तरह की संरचना को मानक ‘Rum’ नाम से बेचना उपभोक्ताओं के लिए भ्रम पैदा कर सकता है. FSSAI ने ऐसे उत्पादों के लिए ‘Flavoured Spirit’ या ‘Rum-like’ जैसे विवरण इस्तेमाल करने की बात कही है.
प्राधिकरण ने ‘7 Years Old Blended’ और ‘Very Old Vatted’ जैसे एजिंग डिस्क्रिप्टर्स पर भी आपत्ति जताई है. इसके जवाब में कंपनी ने कहा कि खाद्य सुरक्षा नियम स्वीकृत एडिटिव्स के साथ न्यूट्रल स्पिरिट के इस्तेमाल की अनुमति देते हैं. कंपनी ने यह भी दावा किया कि अन्य प्रतिस्पर्धी उत्पादों में समान प्रक्रिया अपनाई जाती है, लेकिन कार्रवाई केवल Old Monk पर हुई है.
बॉम्बे हाई कोर्ट ने मामले की अंतिम सुनवाई 23 अक्टूबर को तय की है. इससे पहले अदालत ने बिक्री रोक के खिलाफ तत्काल अंतरिम राहत देने से इनकार कर दिया था.
