भारतीय रेलवे आठ बड़े शहरों में घर से घर तक पार्सल पहुंचाने की सेवा शुरू करने की तैयारी कर रहा है. ‘Rail Parcel App—Ghar Se Ghar Tak’ के जरिए ग्राहक ऑनलाइन बुकिंग और डिजिटल भुगतान कर सकेंगे.
पहले चरण में यह सुविधा दिल्ली, मुंबई, कोलकाता, चेन्नई, अहमदाबाद, हैदराबाद, बेंगलुरु और पुणे में लागू करने का प्रस्ताव है. सेवा के तहत लॉजिस्टिक्स पार्टनर ग्राहक के घर या कारोबारी परिसर से पार्सल उठाएंगे और उसे संबंधित रेलवे स्टेशन तक पहुंचाएंगे. इसके बाद भारतीय रेलवे पार्सल को ट्रेन से गंतव्य स्टेशन तक ले जाएगी. वहां से पार्टनर पार्सल को दिए गए पते पर पहुंचाएगा.
बुकिंग और संचालन
प्रस्तावित व्यवस्था में पैकेजिंग जैसी अतिरिक्त सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जा सकती हैं. रेलवे बोर्ड की 26 अक्टूबर 2026 की गाइडलाइंस के अनुसार, ऐप को पहले आठ शहरों में लागू किया जाएगा और आगे चलकर इसे देशभर में बढ़ाने की योजना है.
बुकिंग ट्रेन रवाना होने से 15 दिन पहले तक की जा सकेगी और निर्धारित प्रस्थान से एक दिन पहले तक बुकिंग खुली रहेगी. हालांकि, सेवा की सार्वजनिक शुरुआत की निश्चित तारीख अभी घोषित नहीं हुई है. रेलवे की ओर से CRIS की तकनीकी टेस्टिंग पूरी होने के बाद कार्यान्वयन कार्यक्रम बताया जाएगा.
