रायपुर में छत्तीसगढ़ चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज की ओर से रविवार को ‘इंटरप्राइज टू लेगेसी’ कार्यक्रम आयोजित किया गया. निजी होटल में हुए इस आयोजन में व्यापारियों को कारोबार बढ़ाने, बिजनेस को ब्रांड के रूप में विकसित करने और अगली पीढ़ी को व्यवसाय की जिम्मेदारी सौंपने की तैयारी से जुड़े सुझाव दिए गए.
चैंबर अध्यक्ष सतीश थौरानी ने कहा कि व्यापारियों को कारोबार बढ़ाने के साथ अगली पीढ़ी को भी व्यवसाय संभालने के लिए तैयार करना चाहिए. उनके अनुसार, इससे कारोबार को लंबे समय तक सफलतापूर्वक आगे बढ़ाने में मदद मिल सकती है. उन्होंने कहा कि प्रतिस्पर्धी दौर में व्यापार को केवल मौजूदा मुनाफे तक सीमित रखने के बजाय उसे मजबूत ब्रांड और स्थायी विरासत के रूप में विकसित करने पर ध्यान देना जरूरी है.
ब्रांड पहचान और प्रबंधन पर जोर
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता विक्रम लिमसे ने बिजनेस ग्रोथ, ब्रांड निर्माण और कारोबार के विस्तार पर जानकारी दी. उन्होंने कहा कि बदलते कारोबारी माहौल में केवल व्यापार बढ़ाना पर्याप्त नहीं है. कारोबार की अलग पहचान बनाना, बेहतर प्रबंधन अपनाना और सही समय पर उचित निर्णय लेना भी जरूरी है.
सीए संजीव अग्रवाल ने बिजनेस सक्सेशन प्लानिंग पर बात की. उन्होंने कहा कि पारिवारिक व्यवसाय के लिए उत्तराधिकार की योजना समय रहते बननी चाहिए. कारोबार में किसकी क्या जिम्मेदारी होगी, यह स्पष्ट रहने के साथ व्यवस्था ऐसी होनी चाहिए कि अगली पीढ़ी व्यवसाय को आसानी से संभालकर आगे बढ़ा सके.
व्यापारी संगठनों के प्रतिनिधि शामिल
कार्यक्रम में चैंबर के कई पदाधिकारी, महिला चैंबर की अध्यक्ष डॉ. इला गुप्ता सहित अन्य पदाधिकारी और विभिन्न व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए. रायपुर इलेक्ट्रिकल मर्चेंट एसोसिएशन, छत्तीसगढ़ प्रिंटर्स एसोसिएशन, छत्तीसगढ़ ग्लास एसोसिएशन, डिस्ट्रिक्ट केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन और अन्य संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी भाग लिया.
