छत्तीसगढ़ के मौजूदा और नए निर्यातकों के लिए रायपुर में 12 नवंबर को एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की जाएगी. कार्यशाला में भारत के अलग-अलग देशों के साथ हुए फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (FTA) से मिलने वाले कारोबारी लाभों की जानकारी दी जाएगी.

कार्यक्रम में यूके, ओमान, न्यूजीलैंड, संयुक्त अरब अमीरात (UAE) और ऑस्ट्रेलिया के बाजारों में भारतीय उत्पादों के लिए उपलब्ध अवसरों पर विशेष चर्चा होगी. प्रतिभागियों को बताया जाएगा कि FTA के तहत मिलने वाली शून्य या रियायती आयात शुल्क की सुविधा का इस्तेमाल करके विदेशी बाजारों में उत्पादों की पहुंच कैसे बढ़ाई जा सकती है.

कार्यशाला सुबह 10:30 बजे होटल बेबीलोन इंटरनेशनल, VIP रोड, रायपुर में होगी. इसका आयोजन भारत सरकार के वाणिज्य विभाग की ओर से छत्तीसगढ़ शासन के उद्योग विभाग के सहयोग से किया जा रहा है.

नियमों और व्यापारिक प्रक्रियाओं पर सत्र

कार्यशाला में अलग-अलग क्षेत्रों के लिए विशेष सत्र रखे जाएंगे. इनमें संभावित निर्यात उत्पाद, बाजार के अवसर, ‘रूल्स ऑफ ओरिजिन’ और गैर-टैरिफ बाधाओं पर जानकारी दी जाएगी. निर्यातकों को अंतरराष्ट्रीय व्यापार से जुड़े नियमों और प्रक्रियाओं की व्यावहारिक समझ देने पर भी जोर रहेगा.

भारत सरकार के वाणिज्य विभाग, इंडिया ट्रेड प्रमोशन ऑर्गनाइजेशन (ITPO) और छत्तीसगढ़ शासन के वरिष्ठ अधिकारियों के कार्यक्रम में शामिल होने की उम्मीद है. आयोजन का उद्देश्य राज्य के निर्यातकों को नए अंतरराष्ट्रीय बाजारों से जोड़ना और छत्तीसगढ़ से निर्यात को बढ़ावा देना है.