राजस्थान सरकार ने दिवाली से पहले राज्य कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए महंगाई भत्ते (DA) और महंगाई राहत (DR) में 3 प्रतिशत बढ़ोतरी को मंजूरी दी है. इसके बाद सातवें वेतनमान के तहत डीए और डीआर की दर 60 प्रतिशत से बढ़कर 63 प्रतिशत हो जाएगी.

यह बढ़ोतरी 1 जुलाई 2026 से प्रभावी मानी जाएगी. कर्मचारियों को नवंबर 2026 के वेतन का भुगतान दिसंबर में किए जाने के दौरान बढ़ा हुआ डीए नकद मिलेगा. 1 जुलाई से 31 अक्टूबर 2026 तक चार महीने की बकाया राशि कर्मचारियों के सामान्य भविष्य निधि (GPF) खातों में जमा की जाएगी.

पेंशनर्स को 1 जुलाई 2026 से बढ़ी हुई महंगाई राहत का नकद भुगतान किया जाएगा. इस फैसले से सात लाख से अधिक कर्मचारी और पांच लाख से ज्यादा पेंशनर्स लाभान्वित होंगे. डीए-डीआर बढ़ोतरी से राज्य सरकार पर करीब 820 करोड़ रुपये का अतिरिक्त वित्तीय भार आएगा.

इसके अलावा करीब छह लाख पात्र कर्मचारियों को दिवाली पर तदर्थ यानी एडहॉक बोनस देने का निर्णय लिया गया है. बोनस पर लगभग 406 करोड़ रुपये खर्च होंगे. दोनों फैसलों से सरकार पर कुल करीब 1,226 करोड़ रुपये का अतिरिक्त भार पड़ेगा.