भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने डिजिटल भुगतान धोखाधड़ी रोकने के लिए इलेक्ट्रॉनिक बैंकिंग लेनदेन से जुड़े नियमों में संशोधन का ड्राफ्ट जारी किया है. प्रस्तावित बदलावों का उद्देश्य ग्राहकों को डिजिटल भुगतान चैनलों के इस्तेमाल के तरीके और सीमा पर अधिक नियंत्रण देना है.

ड्राफ्ट में ग्राहक-निर्धारित नियंत्रणों का प्रावधान किया गया है. इसके तहत ग्राहक डिजिटल भुगतान माध्यमों के लिए अपनी पसंद के अनुसार सीमाएं और अन्य सुरक्षा नियंत्रण तय कर सकेंगे. बैंकों को इन नियंत्रणों की सुविधा उपलब्ध कराने और ग्राहक द्वारा तय किए गए नियंत्रणों को लागू करने की जिम्मेदारी दी जाएगी.

RBI ने Trusted Person Mechanism नाम से अतिरिक्त प्रमाणीकरण व्यवस्था का भी प्रस्ताव रखा है. इसके जरिए ग्राहक कुछ इलेक्ट्रॉनिक बैंकिंग लेनदेन के लिए किसी भरोसेमंद व्यक्ति को अतिरिक्त सुरक्षा स्तर के रूप में जोड़ सकेंगे.

प्रस्ताव में बैंक की लापरवाही की परिभाषा का दायरा भी बढ़ाया गया है. इसमें अनिवार्य अलर्ट न भेजना, 24 घंटे शिकायत सुविधा उपलब्ध न कराना, ग्राहक की सूचना के बाद तुरंत कार्रवाई न करना, सुरक्षा नियंत्रण लागू न करना, बैंक-स्तरीय सिस्टम खराबी और कर्मचारी या सेवा प्रदाता की मिलीभगत जैसे मामले शामिल किए गए हैं.