भारतीय रिजर्व बैंक ने प्राथमिकता क्षेत्र ऋण यानी Priority Sector Lending (PSL) के लिए 2026 के ड्राफ्ट नियम जारी किए हैं. प्रस्ताव में कृषि ऋणों की जांच और बैंकों के रिकॉर्ड रखने की प्रक्रिया को सख्त करने की बात कही गई है. RBI ने इस ड्राफ्ट पर 26 नवंबर 2026 तक सुझाव और टिप्पणियां मांगी हैं.

प्रस्ताव के मुताबिक, बैंक को खेती की जमीन का स्थान, उगाई जाने वाली फसल और जरूरत पड़ने पर फसल के हाइपोथिकेशन का विवरण रखना होगा. ऋण राशि का निर्धारण संबंधित जिले में लागू फसल वित्तमान और वास्तविक कृषि जरूरत के आकलन के आधार पर करना होगा, केवल गिरवी रखी गई संपत्ति के मूल्य पर नहीं. बैंक अधिकारियों के खेत निरीक्षण और ऋण के अंतिम उपयोग की निगरानी का रिकॉर्ड भी रखना होगा.

भूमिहीन कृषि मजदूरों और बटाईदारों के पास भूमि रिकॉर्ड या लीज डीड नहीं होने पर बैंक को पात्रता साबित करने वाले अन्य सत्यापन योग्य दस्तावेज रखने होंगे. हालांकि, खेती के लिए दिया गया ऋण केवल इस वजह से PSL से बाहर नहीं होगा कि उसके बदले सोने के आभूषण गिरवी रखे गए हैं.

ये अभी प्रस्तावित नियम हैं. अंतिम दिशानिर्देश टिप्पणियों की समीक्षा के बाद जारी किए जाएंगे.