भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने वित्तीय बाजारों के लिए तकनीकी परामर्श समिति, TCCFM, गठित की है. समिति का उद्देश्य तेजी से बदलते वित्तीय बाजारों और बाजार अवसंरचना से जुड़े नीति तथा परिचालन मुद्दों पर प्रतिभागियों के साथ संरचित संवाद स्थापित करना है.

समिति की अध्यक्षता वित्तीय बाजार विनियमन विभाग के प्रभारी डिप्टी गवर्नर रोहित जैन करेंगे. इसमें सात बाहरी सदस्य शामिल किए गए हैं. इनमें पूर्व सेबी पूर्णकालिक सदस्य अनंत नारायण, एसबीआई के शमशेर सिंह, एक्सिस बैंक के नीरज गंभीर, आईसीआईसीआई बैंक के शैलेंद्र झिंगन, सिटीबैंक इंडिया के आदित्य बागरी, क्लियरिंग कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया के नंद किशोर और मॉर्गन स्टैनली इंडिया के रिधम देसाई शामिल हैं.

समिति किन विषयों को देखेगी

यह पैनल मुद्रा बाजार, सरकारी प्रतिभूति बाजार, विदेशी मुद्रा बाजार और उनसे जुड़े डेरिवेटिव बाजारों की कार्यप्रणाली, दक्षता, तरलता तथा मजबूती से जुड़े मुद्दों की समीक्षा करेगा. बाजारों को अधिक गहरा और व्यापक बनाने के उपायों पर भी विचार किया जाएगा.

समिति ट्रेडिंग, क्लियरिंग, सेटलमेंट, रिपोर्टिंग और अन्य बाजार अवसंरचना के नियामकीय व परिचालन ढांचे से जुड़े मामलों को भी देखेगी. RBI के अनुसार समिति की बैठक कम-से-कम हर तिमाही आयोजित की जाएगी.