भारतीय रिजर्व बैंक के गवर्नर संजय मल्होत्रा ने रुपये की गिरती कीमत को लेकर केंद्रीय बैंक की नीति स्पष्ट की है. उन्होंने कहा कि RBI डॉलर के मुकाबले रुपये के लिए कोई निश्चित स्तर या फिक्स टारगेट तय नहीं करता. उसका मुख्य उद्देश्य विदेशी मुद्रा बाजार में अचानक और अत्यधिक उतार-चढ़ाव को नियंत्रित करना है.
गवर्नर के मुताबिक, RBI बाजार में सट्टेबाजी और रुपये में तेज गिरावट पर नजर रखता है. यदि बाजार में असामान्य अस्थिरता या अनिश्चितता दिखाई देती है, तो केंद्रीय बैंक जरूरत के अनुसार कदम उठा सकता है. इसका मतलब किसी खास विनिमय दर को बचाए रखना नहीं, बल्कि बाजार को व्यवस्थित बनाए रखना है.
हालिया उतार-चढ़ाव के बीच रुपया करीब 97 रुपये प्रति डॉलर के निचले स्तर तक पहुंचा था. इसके बाद लगातार आठ कारोबारी दिनों की रिकवरी में यह करीब 94.83 रुपये प्रति डॉलर तक आया. गवर्नर ने भारत की 7.8 प्रतिशत GDP growth और मजबूत आर्थिक आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि मौजूदा स्थिति से घबराने की जरूरत नहीं है.
उन्होंने यह भी कहा कि भारत के पास FCNR(B) जमा की देनदारियां चुकाने के लिए पर्याप्त विदेशी मुद्रा भंडार और समय है.
