भारतीय रिजर्व बैंक ने भारतीय कंपनियों के बड़े Overseas Direct Investments (ODI) की जांच सख्त कर दी है. नए मानकीकृत चेकलिस्ट के तहत बैंकों को 1 अरब डॉलर से अधिक के विदेशी निवेश और नियामकीय सीमा से जुड़े बड़े लेनदेन पर अतिरिक्त जानकारी जुटाकर समीक्षा करनी होगी.

बैंकों से यह जांचने को कहा गया है कि विदेशी इकाई वास्तविक कारोबारी गतिविधि करती है या केवल holding vehicle के रूप में काम कर रही है. इसके अलावा निवेश का भारतीय कंपनी के मौजूदा कारोबार से संबंध, अपेक्षित व्यावसायिक लाभ, निवेश रखने की अवधि और संभावित exit route का भी आकलन करना होगा.

जांच में विदेशी परिसंपत्तियों का मूल्यांकन, acquisition premium और share-swap ratio जैसे पहलुओं को स्वतंत्र रूप से परखना शामिल है. संबंधित पक्षों से जुड़े लेनदेन या भारत से बाहर मूल्य हस्तांतरण की आशंका वाले मामलों में अतिरिक्त सतर्कता बरती जाएगी.

बैंकों को संभावित लाभों का अनुमान भी देना होगा, जिसमें भारत से निर्यात बढ़ना, आयात प्रतिस्थापन, नए बाजारों या तकनीक तक पहुंच और dividend या fees के रूप में संभावित आमदनी शामिल है. भारतीय कंपनी की guarantee के आधार पर विदेशी इकाई की उधारी होने पर guarantee के इस्तेमाल की संभावना भी जांची जाएगी.