भारत में स्टारलिंक की संभावित व्यावसायिक शुरुआत को लेकर चल रही बहस के बीच रिलायंस इंडस्ट्रीज ने कहा है कि वह सैटेलाइट इंटरनेट क्षेत्र में प्रतिस्पर्धा का स्वागत करती है. कंपनी के मुताबिक, स्टारलिंक समेत इस क्षेत्र में आने वाली हर कंपनी को भारत के कानूनों और मौजूदा नीतियों का पालन करना होगा.

यह बयान स्पेसएक्स के सीईओ एलन मस्क की उन टिप्पणियों के बाद आया, जिनमें उन्होंने आरोप लगाया था कि भारत में कुछ कारोबारी हित स्टारलिंक की सेवाओं की शुरुआत में बाधा डाल रहे हैं. मस्क ने रिलायंस चेयरमैन मुकेश अंबानी और भारतीय टेलीकॉम बाजार में प्रतिस्पर्धा को लेकर भी सवाल उठाए थे.

रिलायंस ने अपने बयान में कहा कि उसने कभी प्रतिस्पर्धा से डर महसूस नहीं किया. कंपनी के अनुसार, प्रतिस्पर्धा यह तय करने की सबसे बड़ी कसौटी है कि ग्राहकों को बेहतर सेवा कौन देता है.

कंपनी ने अपने टेलीकॉम कारोबार जियो का उदाहरण देते हुए कहा कि उसने 2016 में भारतीय बाजार में प्रवेश किया था और उस समय उसके पास कोई ग्राहक नहीं था. रिलायंस के मुताबिक, करीब 10 साल में जियो के ग्राहकों की संख्या 53 करोड़ से अधिक हो गई है. कंपनी ने दावा किया कि जियो ने भारतीय नागरिकों को डिजिटल सेवाओं और कम कीमत वाले मोबाइल डेटा तक पहुंच बढ़ाने में योगदान दिया है.

जियो को भी मंजूरियों का इंतजार

रिलायंस ने कहा कि जियो समेत सैटेलाइट-आधारित कम्युनिकेशन सेवाओं के लिए आवेदन करने वाली सभी कंपनियों पर समान प्रक्रिया लागू होनी चाहिए. कंपनी के मुताबिक, उसकी अपनी सैटेलाइट सेवा जियो को भी जरूरी मंजूरियों का इंतजार है.

रिलायंस ने यह भी कहा कि भारत देशी और विदेशी कंपनियों के निवेश तथा नए प्रयोगों का स्वागत करता है, लेकिन यह सब कानून के दायरे में होना चाहिए. स्टारलिंक की एंट्री से सैटेलाइट इंटरनेट बाजार में प्रतिस्पर्धा बढ़ने की संभावना है.