GAIL (India) Ltd के डायरेक्टर (मार्केटिंग) संजय कुमार को Petronet LNG Ltd का अगला मैनेजिंग डायरेक्टर और चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर नियुक्त किया गया है. कंपनी की नियामकीय फाइलिंग के अनुसार, वह 13 मई 2027 से पद संभालेंगे. उनका कार्यकाल पांच साल का होगा.

Petronet LNG के बोर्ड ने 2 अक्टूबर को हुई बैठक में नियुक्ति को मंजूरी दी. कुमार मौजूदा CEO A K Singh का विस्तारित कार्यकाल समाप्त होने के बाद जिम्मेदारी संभालेंगे.

59 वर्षीय कुमार जून 2023 से GAIL में मार्केटिंग निदेशक हैं. वह IIT खड़गपुर से मैकेनिकल इंजीनियर हैं और उनके पास MBA की डिग्री है. प्राकृतिक गैस और LNG क्षेत्र की वैल्यू चेन में उन्हें 35 साल से अधिक का अनुभव है.

Petronet LNG का कारोबार और क्षमता

Petronet LNG भारत की सबसे बड़ी गैस आयातक कंपनियों में शामिल है. कंपनी के गुजरात के दाहेज में देश का सबसे बड़ा LNG आयात टर्मिनल है. इसके अलावा केरल के कोच्चि में भी LNG टर्मिनल संचालित किया जाता है.

कंपनी के पास कुल 27.5 मिलियन टन सालाना (MMTPA) रीगैसिफिकेशन क्षमता है. इसमें दाहेज की 22.5 MMTPA और कोच्चि की 5 MMTPA क्षमता शामिल है. कंपनी के अनुसार, वह भारत के करीब 74 प्रतिशत LNG आयात को संभालती है और देश की गैस आपूर्ति में उसका हिस्सा लगभग 34 प्रतिशत है.

Petronet LNG दाहेज में रीगैसिफिकेशन क्षमता बढ़ाने, भारत के पूर्वी तट पर नए LNG टर्मिनल और दाहेज में पेट्रोकेमिकल परियोजना पर भी काम कर रही है. कंपनी में Indian Oil Corporation, GAIL, ONGC और BPCL की 12.5-12.5 प्रतिशत हिस्सेदारी है.