कोलकाता की कंटेंट क्रिएटर सायंतिका भौमिक ने अक्टूबर में कम ब्रांड डील स्वीकार करने के बावजूद ₹3.06 लाख की कमाई दर्ज की. उन्होंने बताया कि दुर्गा पूजा के दौरान अपने फेस्टिव कंटेंट पर ध्यान देने के लिए उन्होंने ज्यादा कोलैबोरेशन नहीं किए और केवल पांच ब्रांड्स के साथ काम किया.
सायंतिका ने सोशल मीडिया पर साझा किए गए वीडियो में अक्टूबर की ब्रांड डील्स और भुगतान प्रक्रिया की जानकारी दी. उनके साथ काम करने वाले ब्रांड्स में Tira, Myntra Beauty, Sprite, Pilgrim और LoveChild by Masaba शामिल थे. इन सभी कोलैबोरेशन से उन्हें कुल ₹3.06 लाख मिलने हैं. हालांकि, यह पूरी रकम अभी उनके बैंक खाते में जमा नहीं हुई है.
कुछ डील में शामिल थे एड राइट्स
सायंतिका के मुताबिक, सभी ब्रांड डील्स की फीस समान नहीं थी. कुछ समझौतों में एड राइट्स भी शामिल थे. इसका मतलब है कि ब्रांड्स को उनके बनाए कंटेंट को विज्ञापन के रूप में इस्तेमाल करने की अनुमति मिली. उन्होंने यह भी बताया कि कुछ कोलैबोरेशन के लिए उन्होंने अपनी फीस कम रखी थी. इसकी वजह संबंधित ब्रांड की पहचान और एजेंसी के साथ उनके अच्छे संबंध थे.
उन्होंने कहा कि एजेंसी के साथ अच्छे तालमेल के कारण उन्हें लगातार कोलैबोरेशन के अवसर मिलते रहे हैं.
भुगतान आने में लग सकते हैं 30 से 45 दिन
सायंतिका ने बताया कि ब्रांड डील पूरी होने और रकम बैंक खाते में आने के बीच अंतर होता है. सामान्य तौर पर भुगतान प्रक्रिया में 30 से 45 दिन लग सकते हैं. इस हिसाब से अक्टूबर में किए गए काम की रकम नवंबर के आखिर तक मिलने की उम्मीद है.
उनके अनुभव से यह स्पष्ट होता है कि कंटेंट क्रिएटर्स की कमाई केवल डील की संख्या पर निर्भर नहीं करती. फीस, एड राइट्स और भुगतान की समयसीमा भी आय का अहम हिस्सा हैं.
