भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (SEBI) ने WhatsApp और Telegram ग्रुप के जरिए शेयर बाजार में निवेश के नाम पर हो रही धोखाधड़ी को लेकर निवेशकों को अलर्ट किया है. नियामक के मुताबिक, जालसाज रजिस्टर्ड ब्रोकरों की पहचान का गलत इस्तेमाल कर लोगों को निवेश के लिए भरोसा दिलाते हैं.

इन धोखाधड़ी वाले संदेशों और ग्रुप्स में निश्चित मुनाफे का दावा किया जा सकता है. इसके अलावा निवेशकों को विदेशी बाजार में निवेश का लालच देकर भी ठगी की कोशिश की जा रही है. ऐसे मामलों में निवेशक गलत ट्रेडिंग ऐप, बैंक खाते या UPI ID पर रकम भेज सकते हैं.

सेबी ने निवेशकों को किसी भी निवेश से पहले ब्रोकर की जानकारी जांचने की सलाह दी है. ट्रेडिंग ऐप, रकम प्राप्त करने वाले बैंक खाते और UPI ID का सत्यापन करना भी जरूरी बताया गया है. निश्चित मुनाफे के दावे और अनजान WhatsApp या Telegram ग्रुप के जरिए मिलने वाले निवेश प्रस्तावों को लेकर सावधानी बरतने की जरूरत है.