भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (SEBI) ने सरकार को long-term capital gains (LTCG) टैक्स व्यवस्था में बदलाव के दो प्रस्ताव दिए हैं. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, पहले प्रस्ताव में भारतीय इक्विटी से होने वाले दीर्घकालिक लाभ पर विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों को LTCG टैक्स से छूट देने की बात कही गई है.

दूसरे प्रस्ताव के तहत, अगर किसी निवेशक ने म्यूचुअल फंड यूनिट्स को एक साल से अधिक समय तक रखा है और एक योजना से दूसरी योजना में निवेश बदलता है, तो इसे कर योग्य बिक्री न माना जाए. इसका उद्देश्य घरेलू निवेशकों को फंड में निवेश बनाए रखने के लिए प्रोत्साहित करना है.

फिलहाल सूचीबद्ध इक्विटी पर एक साल से अधिक अवधि के निवेश से होने वाले लाभ पर 12.5% LTCG टैक्स लागू है. प्रस्ताव ऐसे समय आया है, जब विदेशी निवेशकों की बिकवाली और कमजोर बाजार प्रदर्शन को लेकर चिंता बनी हुई है.

SEBI की सिफारिशें बाध्यकारी नहीं हैं. अंतिम निर्णय केंद्र सरकार को लेना है और इस पर फरवरी 2027 के आम बजट से पहले या बजट में फैसला संभव माना जा रहा है.