भारतीय शेयर बाजार में सोमवार की तेज गिरावट के बाद मंगलवार को भी दबाव बना रहा. शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स और निफ्टी हल्की कमजोरी के साथ खुले, लेकिन कुछ ही मिनटों में दोनों प्रमुख सूचकांकों में गिरावट तेज हो गई.
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स पिछले कारोबारी दिन के 72,771 के बंद स्तर के मुकाबले 72,633 पर खुला. इसके बाद करीब पांच मिनट में यह 600 अंकों से ज्यादा गिरकर 72,136 के स्तर तक पहुंच गया.
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी पिछले बंद स्तर 22,780 की तुलना में मामूली गिरावट के साथ 22,732 पर खुला. शुरुआती कारोबार में यह 200 अंकों से ज्यादा फिसलकर 22,580 तक पहुंच गया और 22,600 के आसपास कारोबार करता दिखा.
सोमवार की गिरावट में निवेशकों को बड़ा नुकसान
सोमवार को सेंसेक्स 1,124 अंक टूटकर 72,771 पर बंद हुआ था. निफ्टी में 260 अंकों की गिरावट रही और यह 22,780 के स्तर पर बंद हुआ. इस गिरावट के कारण बीएसई पर सूचीबद्ध कंपनियों का कुल बाजार पूंजीकरण शुक्रवार के 4,83,25,067.26 करोड़ रुपये से घटकर सोमवार को 4,74,43,885.65 करोड़ रुपये रह गया. यानी निवेशकों की संपत्ति में करीब 8.81 लाख करोड़ रुपये की कमी आई.
मंगलवार की गिरावट के पीछे कमजोर वैश्विक संकेत भी बताए जा रहे हैं. पिछले कारोबारी सत्र में Dow Jones 347 अंक और Nasdaq 248 अंक नीचे बंद हुए. एशियाई बाजारों में Japan का Nikkei करीब 800 अंक और Hang Seng करीब 200 अंक नीचे कारोबार कर रहा था.
शुरुआती कारोबार में Bajaj Finance 2.10%, HDFC Bank 1.70%, Kotak Bank 1.50%, Reliance 1.30% और Infosys 1.40% नीचे थे. Midcap शेयरों में Policybazaar करीब 4% और IDFC First Bank 2.15% गिरा. निवेश संबंधी निर्णय से पहले विशेषज्ञ की सलाह लेने की जरूरत है.
