सिक्किम सरकार ने राज्य के कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए महंगाई भत्ते (DA) और महंगाई राहत (DR) में बढ़ोतरी की है. वित्त विभाग की ओर से जारी परिपत्र के अनुसार संशोधित दरें 1 जनवरी 2026 से प्रभावी मानी जाएंगी.
छठे केंद्रीय वेतन आयोग पर आधारित पुरानी वेतन संरचना के तहत वेतन या पेंशन लेने वालों के लिए DA/DR को 257 प्रतिशत से बढ़ाकर 262 प्रतिशत किया गया है. वहीं, संशोधित वेतन संरचना के तहत कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए यह दर 58 प्रतिशत से बढ़कर 60 प्रतिशत हो गई है.
यह संशोधन नियमित वेतनमान में संशोधित वेतन पाने वाले संविदा कर्मचारियों और work-charged establishments के कर्मियों पर भी लागू होगा. अखिल भारतीय सेवा के अधिकारियों के लिए भी इसी आधार पर संशोधित दरें तय की गई हैं.
परिपत्र में भुगतान की गणना से जुड़ा प्रावधान भी दिया गया है. 50 पैसे या उससे अधिक के अंश को अगले रुपये में पूर्णांकित किया जाएगा, जबकि 50 पैसे से कम अंश को छोड़ दिया जाएगा. उपलब्ध रिपोर्ट्स के अनुसार सिक्किम में करीब 50 हजार कर्मचारी और पेंशनर्स इस फैसले से प्रभावित होंगे.
