भारत में भवन क्षेत्र देश की कुल बिजली खपत का 30 प्रतिशत से अधिक इस्तेमाल करता है. ब्यूरो ऑफ एनर्जी एफिशिएंसी (BEE) के अनुसार, भवनों की बढ़ती संख्या और शहरीकरण के बीच ऊर्जा मांग को नियंत्रित करने के लिए निर्माण के शुरुआती चरण में ही ऊर्जा दक्षता को शामिल करना जरूरी है.
BEE के मुताबिक, इमारत की दिशा, आसपास की हरियाली और छायांकन से तापमान तथा प्राकृतिक रोशनी को बेहतर तरीके से नियंत्रित किया जा सकता है. ऊर्जा दक्ष खिड़कियां, अच्छी तरह सीलबंद दरवाजे और दीवारों, बेसमेंट स्लैब तथा नींव में अतिरिक्त थर्मल इन्सुलेशन गर्मी के नुकसान को 25 से 50 प्रतिशत तक घटा सकते हैं.
भारत में हर दिन करीब 3 लाख वर्ग फुट वाणिज्यिक फ्लोर स्पेस जुड़ने का अनुमान है. BEE का कहना है कि अगले दो दशकों में बनने वाले भवनों का बड़ा हिस्सा अभी निर्माणाधीन भी नहीं है. ऐसे में डिजाइन स्तर पर लिए गए फैसले भविष्य की बिजली मांग और परिचालन लागत पर सीधा असर डाल सकते हैं.
