Shapoorji Pallonji (SP) Group ने Tata Sons से अपनी हिस्सेदारी के एक हिस्से के लिए करीब ₹25,000 करोड़ का शेयर बायबैक करने का आग्रह किया है. समूह के चेयरमैन Shapoor Mistry ने 23 नवंबर को Tata Sons के चेयरमैन N Chandrasekaran को पत्र भेजकर इसे 30 नवंबर की बोर्ड बैठक में रखने को कहा है.

SP Group के मुताबिक, शेयर बायबैक उसका पसंदीदा विकल्प है. वैकल्पिक तौर पर वह Tata Sons बोर्ड की मंजूरी वाले खरीदारों को सीधे शेयर बेचने पर भी विचार कर सकता है. समूह चाहता है कि पूरी राशि अग्रिम मिले या कम से कम शुरुआती चरण में अधिकांश भुगतान किया जाए.

प्रस्तावित राशि का इस्तेमाल Tata Sons के शेयरों के बदले लिए गए कर्ज को कम करने में किया जाना है. समूह ने चयनित पूंजी कटौती की उस संभावित संरचना को स्वीकार नहीं किया है, जिसमें National Company Law Tribunal (NCLT) की प्रक्रिया और कई मंजूरियां शामिल होंगी. SP Group ने इसे लंबा और अनिश्चित रास्ता बताया है.

समूह ने यह भी कहा है कि उसका मौद्रीकरण प्रस्ताव Tata Sons की RBI से जुड़ी नियामकीय जिम्मेदारियों और संभावित लिस्टिंग से स्वतंत्र होना चाहिए. Tata Trusts के अनुसार, सितंबर में रखे गए प्रस्ताव में 18 महीने के दौरान दो चरणों में भुगतान और NCLT प्रक्रिया का विकल्प शामिल था.