सार्वजनिक क्षेत्र की तेल विपणन कंपनियों ने पेट्रोल में इथेनॉल मिश्रण के लिए 2026-27 आपूर्ति वर्ष की नई खरीद निविदा में चीनी-आधारित इथेनॉल के प्रस्ताव नहीं मांगे हैं.
भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (BPCL) ने 16 अक्टूबर को तेल विपणन कंपनियों की ओर से यह निविदा जारी की. इसमें गन्ने के रस, चीनी, चीनी सिरप और बी-हेवी मोलासेस से निर्मित इथेनॉल को निविदा से बाहर रखा गया है.
निविदा दस्तावेज के अनुसार, सरकार ने 2026-27 इथेनॉल आपूर्ति वर्ष में इथेनॉल उत्पादन के लिए चीनी के डायवर्जन को शून्य करने के निर्देश दिए हैं. यह आपूर्ति वर्ष नवंबर 2026 से अक्टूबर 2027 तक रहेगा.
करीब 1,100 करोड़ लीटर की खरीद योजना
निविदा में लगभग 11 अरब लीटर, यानी करीब 1,100 करोड़ लीटर इथेनॉल की खरीद के लिए बोलियां आमंत्रित की गई हैं. इसका उद्देश्य पेट्रोल में 20 प्रतिशत इथेनॉल मिश्रण की जरूरत पूरी करना है.
मक्का, टूटे चावल, भारतीय खाद्य निगम से खरीदे गए अधिशेष चावल और सी-हेवी मोलासेस जैसे अनुमत स्रोतों से बने इथेनॉल के लिए प्रस्ताव मांगे गए हैं. मक्का-आधारित इथेनॉल की खरीद कीमत भी 71.86 रुपये प्रति लीटर से घटाकर 68.86 रुपये प्रति लीटर की गई है.
