वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने Tata Sons और Tata Trusts के बीच चल रहे मतभेदों को जल्द सौहार्दपूर्ण ढंग से सुलझाने की अपील की है. उन्होंने कहा कि यह विवाद सार्वजनिक रूप से नहीं बढ़ना चाहिए और दोनों पक्षों को बातचीत के जरिए सामान्य स्थिति बहाल करनी चाहिए.
सीतारमण ने Tata Group को भारतीय अर्थव्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि मामले को सुलझाने के लिए कारोबारी समझ और नेतृत्व की परिपक्वता जरूरी है. उन्होंने समूह के वैश्विक ब्रांड के रूप में योगदान और पारसी समुदाय की भूमिका का भी उल्लेख किया.
यह विवाद Tata Sons के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन की दोबारा नियुक्ति और होल्डिंग कंपनी की संभावित लिस्टिंग जैसे मुद्दों से जुड़ा है. Tata Sons के बोर्ड ने लिस्टिंग की दिशा में आगे बढ़ने और चंद्रशेखरन को फिर चेयरमैन नियुक्त करने का फैसला किया था, जबकि Tata Trusts की ओर से इस पर असहमति सामने आई.
सरकार दोनों पक्षों को बातचीत की मेज पर लाने के लिए हस्तक्षेप करेगी या नहीं, इस सवाल पर वित्त मंत्री ने कोई स्पष्ट संकेत नहीं दिया और इसे संवेदनशील विषय बताया.
